E20 petrol damages bikes? - आजकल सोशल मीडिया पर यह दावा काफी वायरल हो रहा है कि E20 पेट्रोल डलवाने से बाइक का इंजन खराब हो जाता है। जब हर कोई इस विषय पर अपना-अपना अनुभव बता रहा है, तो मैंने सोचा क्यों न मैं भी अपनी बाइक का असली अनुभव आपके साथ साझा करूँ।
शुरुआत कैसे हुई?
आज से करीब एक-दो साल पहले, जब भी मैं पेट्रोल पंप जाता था, तो कुछ मशीनों पर हरे पत्ते वाला 'E20' का लोगो लगा देखता था। मुझे लगता था कि यह पारंपरिक पेट्रोल से बेहतर और शायद थोड़ा सस्ता भी है। इसलिए, मैंने जानबूझकर पिछले 2 सालों तक अपनी बाइक में वही E20 पेट्रोल डलवाया।
सोशल मीडिया का डर और पेट्रोल पंप की हकीकत
इतने समय तक बेझिझक इस पेट्रोल का इस्तेमाल करने के बाद, जब मैंने सोशल मीडिया पर सुना कि E20 से इंजन खराब हो रहे हैं, तो मैं हैरान रह गया। मुझे तो आज तक कभी कोई समस्या आई ही नहीं! पता नहीं लोगों के साथ ऐसा क्या और क्यों हो रहा है।
आज जब मैं फिर से पेट्रोल डलवाने गया, तो मैंने देखा कि अब किसी भी मशीन पर वह 'E20' वाला लोगो नहीं है।
मैंने पंप वाले से पूछा, "क्या E20 पेट्रोल बंद हो गया? अब मशीन पर तो कहीं लिखा नहीं है।"
उसने जवाब दिया, "अब उसकी जरूरत नहीं है, क्योंकि अब लगभग सभी पंपों की मशीनों से (प्रीमियम को छोड़कर) E20 ही निकलेगा।"
यह सुनकर मैंने आज भी वही पेट्रोल डलवाया।
यकीन मानिए, मुझे आज भी परफॉरमेंस में कोई कमी नहीं लगी। मेरी बाइक आज भी कुछ ही सेकंड्स में 60-70 की स्पीड पकड़ लेती है, जो कि दिल्ली के भारी ट्रैफिक वाली सड़कों के हिसाब से बहुत ज्यादा है।
मेरी बाइक और मेरा इस्तेमाल
मेरे पास TVS Victor (2016 मॉडल) है। मैं हर हफ्ते कम से कम 250 से 300 किलोमीटर तक का सफर आराम से कर लेता हूँ। आपकी जानकारी के लिए बता दूँ कि बीच-बीच में (महीने-दो महीने में) मैं अपनी बाइक में प्रीमियम पेट्रोल भी डलवा लेता हूँ, ताकि इंजन को कुछ नया और बेहतर मिल सके। यह बात मुझे किसी मैकेनिक ने नहीं बताई, बस अपने मन की तसल्ली के लिए मैं ऐसा करता हूँ।
क्या बाइक में कोई खराबी आई?
अब मुख्य सवाल पर आते हैं। मैं अपने अनुभव से पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूँ कि मुझे अपनी बाइक में 1% भी दिक्कत नहीं आई।
हाँ, माइलेज में थोड़ा फर्क जरूर आया है। पहले मेरी बाइक 50-55 किमी/लीटर का माइलेज देती थी, जो अब 45-50 के आसपास रहता है।
हालांकि, मेरी बाइक अब लगभग 8-10 साल पुरानी हो चुकी है, तो हो सकता है कि माइलेज घटने की वजह उसकी उम्र ही हो।
इसके अलावा, आज तक मुझे कोई दूसरी समस्या नहीं हुई। न तो मुझे इंजन के काम के लिए कभी मैकेनिक के पास जाना पड़ा और न ही पलूशन (Pollution) चेक कराते समय कोई परेशानी हुई। सब कुछ बिल्कुल नॉर्मल है।
आपकी क्या राय है?
यह तो था मेरा अनुभव। आपके साथ क्या हुआ है या E20 पेट्रोल को लेकर आपका क्या अनुभव रहा है, वो आप मुझे नीचे कमेंट में बता सकते हैं।
